
17 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की सौलीखड्ड शाखा ने नाबार्ड के सौजन्य से आईटीआई मंडी में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों को बैंकिंग योजनाओं, बचत, ऋण सुविधाओं और डिजिटल बैंकिंग के बारे में जागरूक किया गया।
शिविर में शाखा प्रबंधक अनिल धरवाल ने बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला सशक्तिकरण ऋण योजना, सपनों का संचय योजना और स्वयं सहायता समूह ऋण योजना के लाभ एवं उद्देश्यों के बारे में बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मिलने वाले बीमा लाभों तथा सामाजिक सुरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस दौरान डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेन-देन में सावधानियों और साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही बैंक की हिम पैसा ऐप की सुविधाओं और उपयोग के बारे में बताते हुए सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में आईटीआई मंडी के लगभग 60 से 65 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य युवाओं में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना और उन्हें बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना था।





