आज से बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने के आसार

खबर अभी अभी,
शिमला। हिमाचल प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के ऑरेंज-यलो अलर्ट के बीच प्रदेश में गर्मी का दौर जारी है। गुरुवार को राज्य के निचले और मैदानी इलाकों में तापमान कई जगह 40 डिग्री के करीब या उससे ऊपर पहुंच गया, जबकि पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर भी सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जिससे दिन के समय लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन भर की तपिश के बाद कुछ क्षेत्रों में शाम को बादल छाए, हवाएं चलीं और हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इससे गर्मी से बहुत अधिक राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने 12 से 16 जून तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।

12 जून को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और सोलन में इसी तरह की गतिविधियों के लिए यलो अलर्ट रहेगा। 13 को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश का यलो अलर्ट है। 14 को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी, जबकि 15 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, बारिश और बिजली कडक़ने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में यलो अलर्ट रहेगा, जबकि 17 जून को भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब रहने की संभावना है, हालांकि उस दिन किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। गुरुवार को ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share the news