एनएचएआई की कटिंग से मकानों में दरारें, प्रभावितों को अब तक नहीं मिला मुआवजा: पूर्ण चंद

24 अगस्त, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

द्रंग विधानसभा क्षेत्र में नारला से बिजनी तक एनएचएआई की ओर से करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से 19 किलोमीटर सड़क निर्माण परियोजना का काम चल रहा है। स्थानीय विधायक पूर्ण चंद ने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान एनएचएआई और गावर कंपनी की ओर से मानकों के अनुरूप कटिंग नहीं किए जाने के कारण कई मकानों में भारी दरारें आ गई हैं।

विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान वर्टिकल कटिंग के कारण सड़क के समीप स्थित कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। कुछ स्थानों पर जमीन और ढांचों में करीब 200 मीटर तक दरारें होने की बात भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई परिवारों को अपने मकान खाली करने पड़े हैं।

पूर्ण चंद ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण के लिए जिन जमीनों, मकानों, गौशालाओं और अन्य संपत्तियों का अधिग्रहण किया गया था, उनका मुआवजा प्रभावित लोगों को मिल चुका है और उस पर कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि असली समस्या निर्माण कार्य के दौरान मकानों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान की है, जिसका प्रभावित परिवारों को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है।

विधायक ने बताया कि प्रभावित लोगों की शिकायतों के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ दो-तीन बार मौके का निरीक्षण भी किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर एनएचएआई और गावर कंपनी के अधिकारी प्रभावित लोगों को संतुष्ट करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

विधायक पूर्ण चंद ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मामलों में प्रभावित लोगों को एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की मांग किसी भी तरह से विकास कार्य को रोकने की नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह सड़क परियोजना पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और जनता विकास कार्यों का समर्थन करती है। लोगों की केवल यह मांग है कि निर्माण के कारण उनकी संपत्तियों को हुए नुकसान का निष्पक्ष और उचित आकलन किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए।

पूर्ण चंद ने प्रदेश सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर प्रभावित परिवारों को जल्द राहत दिलाने की मांग की है।

Share the news