
खबर अभी अभी ,
सोलन, 12 जून। हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा सेना-नागरिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से आज कसौली में ‘सूर्या ग्रीन – हिमालयन ओडिसी’ इलेक्ट्रिक वाहन अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अभियान को लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने फ्लैग ऑफ किया।
सूर्या कमांड के तत्वावधान में गोल्डन की डिवीजन और TATA EV के सहयोग से आयोजित इस अभियान में 10 इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं। इनमें छह हरियर ईवी, तीन कर्व ईवी और एक पंच ईवी शामिल है। यह दल 11 दिनों में हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के सीमावर्ती एवं दुर्गम क्षेत्रों से होकर 1,663 किलोमीटर की यात्रा करेगा और 22 जून को हॉल ऑफ फेम में इसका समापन होगा।https://khabarabhiabhi.in/wp-content/uploads/2026/06/WhatsApp-Video-2026-06-12-at-10.56.04-AM.mp4
अभियान का नेतृत्व मेजर अमन सिंह यादव कर रहे हैं। दल में भारतीय सेना के 10 जवान, टाटा ईवी के पांच प्रतिनिधि तथा दो डिजिटल कंटेंट क्रिएटर शामिल हैं। यह सैन्य विशेषज्ञता, आधुनिक ऑटोमोबाइल तकनीक और जन-जागरूकता का अनूठा संगम है।
अभियान स्पीति, लाहौल, हानले, चुशुल और तांगत्से जैसे दुर्गम एवं रोमांचक क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। यात्रा के दौरान दल दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल सड़क उमलिंग ला (19,024 फीट) और चांग ला (17,590 फीट) जैसे चुनौतीपूर्ण दर्रों को पार करेगा।
यात्रा के दौरान दल रेजांग ला वार मेमोरियल पहुंचकर 1962 के युद्ध में 13 कुमाऊं रेजिमेंट के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय समुदायों, युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों के साथ संवाद कर पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार परिवहन के प्रति जागरूकता फैलाएगा।
यह अभियान भारत सरकार की स्वच्छ परिवहन और स्वदेशी हरित तकनीक को बढ़ावा देने की सोच के अनुरूप है तथा भारतीय सेना की नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।





