
24 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | काज़ा।

भाजपा स्पीति मंडल कार्यसमिति की बैठक काज़ा में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर ने विशेष रूप से सहभागिता की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्पीति मंडल के पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश एवं जिला स्तर पर विभिन्न दायित्व संभाल रहे पदाधिकारी, सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, ग्राम केंद्रों और बूथ समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का प्रमुख केंद्र आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ रहा। अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा, तैयारियों और कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए तथा कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर रवि ठाकुर ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया तथा बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।





