
14 अक्टूबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। जिला मुख्यालय ढालपुर में किसान कांग्रेस की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज परमार ने की। इसमें संगठन के विस्तार, किसान कांग्रेस कमेटी के गठन, किसानों की समस्याओं और आगामी चुनावों में किसानों की भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रवि शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रवक्ता महिमन चंद्र, जिला अध्यक्ष पंकज परमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़ने की रणनीति तैयार की गई।
किसानों के मुद्दे प्रमुखता से उठाएगा संगठन
रवि शर्मा ने कहा कि आगामी चुनावों में किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। किसान कांग्रेस किसानों की समस्याओं और उनके हितों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस पार्टी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के निर्देशों के अनुसार कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस का उद्देश्य प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों और योजनाओं को किसानों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही केंद्र सरकार की उन नीतियों का विरोध किया जाएगा, जिन्हें संगठन किसान विरोधी मानता है। किसानों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा।
किसानों की मांगों को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी
रवि शर्मा ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर दिल्ली में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा राहुल गांधी से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाने की योजना है।
किसानों के लिए ऑनलाइन वेबसाइट बनाने की योजना
बैठक में किसानों की सुविधा के लिए एक ऑनलाइन वेबसाइट तैयार करने की योजना पर भी चर्चा की गई। इसके माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत करवाया जाएगा, ताकि वे योजनाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों पर उठाने पर जोर दिया गया। किसान कांग्रेस ने किसानों को संगठन से जोड़कर उनके हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की दिशा में काम करने की बात कही।





