गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर समरसता यात्रा की तैयारियों को लेकर कुमारहट्टी में बैठक कल

5 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 6 नवंबर को सोलन जिले के कुमारहट्टी में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक होटल न्यू वैदिक में होगी।

यह जानकारी राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री तथा अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ. सिकंदर कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अभियान के राष्ट्रीय संयोजक लाल सिंह आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहकर मार्गदर्शन करेंगे।

बैठक में शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया, मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी तिलक राज शर्मा, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी सुमीत शर्मा और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पवन काजल भी शामिल होंगे। इनके अलावा पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सोलन भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह पाल, सिरमौर भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता तथा दोनों जिलों की जिला एवं मंडल स्तर की अभियान टोलियां भी बैठक में भाग लेंगी।

डॉ. सिकंदर कुमार के अनुसार, संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा पंजाब से शुरू होकर चंडीगढ़ के रास्ते हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी और वाराणसी तक जाएगी।

बैठक में यात्रा के स्वागत, विभिन्न पड़ावों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।

Share the news