
ऊना | 13 अगस्त 2026
खबर अभी अभी

प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में सावन नवरात्र मेले का आगाज हो गया है। नवरात्रों की शुरुआत के साथ ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरामेठ के निर्देश पर पूरे मेला क्षेत्र को सात सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है और पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
यातायात व्यवस्था में बदलाव
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। जाम की स्थिति से बचने के लिए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। प्रशासन का कहना है कि मेला क्षेत्र में यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने की अपील
मंदिर प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों और प्रशासन की ओर से तय व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्राथमिकता है और मेले के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।





