
20 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | लाहौल-स्पीति

लाहौल-स्पीति के तांदी क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 19 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे वीर मंदिर के समीप हुआ, जब शादी समारोह में शामिल होने सलग्रां गांव जा रही एक कार अनियंत्रित होकर चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरी।
पुलिस के अनुसार, हुंडई आई-20 कार (HR 03P 3251) में सात लोग सवार थे। वाहन कुठाड़ (तांदी) गांव से सलग्रां की ओर जा रहा था। राज्य राजमार्ग-26 पर वीर मंदिर के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे लुढ़क गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तांदी और पुलिस थाना उदयपुर की टीमें प्रशासनिक दल के साथ मौके पर पहुंचीं। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई के लिए अस्पताल लाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही की आशंका जताई गई है, जबकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
लाहौल-स्पीति पुलिस ने वाहन चालकों से पहाड़ी सड़कों पर सावधानी बरतने, मोड़ों पर गति नियंत्रित रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।





