
1 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

शिमला। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी, शिमला में 67वीं जिला स्तरीय वार्षिक अंडर-19 इंडोर खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में शिमला जिले के विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 विद्यार्थी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, कुश्ती, भारोत्तोलन, ताइक्वांडो, योग, टेबल टेनिस, कुराश और कराटे सहित विभिन्न इंडोर खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। शिमला जिले के करीब 62 विद्यालयों के खिलाड़ी इन प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर नरेश चौहान ने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों में केंद्रित करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रतिभावान खिलाड़ी आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
वीर चक्र से सम्मानित स्क्वाड्रन लीडर अर्शवीर सिंह ठाकुर की माता सम्मानित
नरेश चौहान ने इस अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर में शामिल रहे वीर चक्र से सम्मानित स्क्वाड्रन लीडर अर्शवीर सिंह ठाकुर की माता अमरजीत कौर को सम्मानित किया। अमरजीत कौर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागली में शारीरिक शिक्षा की प्रवक्ता हैं। नरेश चौहान ने अर्शवीर सिंह ठाकुर की वीरता एवं उपलब्धि के लिए उनकी माता को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों के लिए 30 हजार रुपये देने की घोषणा
नरेश चौहान ने खिलाड़ियों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 30 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी के प्रधानाचार्य योगराज ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृष्णानगर के पार्षदगण, शिक्षा विभाग के उप निदेशक अनिल कुमार, वरिष्ठ अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





