
खबर अभी-अभी | सुंदरनगर, 20 अगस्त 2026।

कांगू व सलापड़ पंचायतों में नशे की रोकथाम और जनजागरूकता गतिविधियों का लिया जायजा
उपमंडल सुंदरनगर में नशे के दुरुपयोग एवं तस्करी की रोकथाम तथा पंचायत स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कांगू और सलापड़ में नशा निवारण समितियों की विशेष बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों का आयोजन एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पंचायती राज प्रतिनिधियों, नशा निवारण समितियों के सदस्यों और स्थानीय हितधारकों ने भाग लिया।
चिन्हित अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों कांगू और सलापड़ में अधिकारियों ने फील्ड विजिट कर नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों और जनजागरूकता गतिविधियों का जायजा लिया। फील्ड विजिट में नोडल अधिकारी एवं सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग दिनेश राणा, नोडल अधिकारी एवं सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग के.के. गुप्ता, तहसील कल्याण अधिकारी विक्रांत जग्गा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
संवेदनशील स्थानों की ली जानकारी
अधिकारियों ने पंचायत क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों और नशे से संबंधित स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों तथा पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों और समिति सदस्यों से संवाद कर नशे की जमीनी स्थिति तथा स्थानीय आवश्यकताओं की भी जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने नशे की रोकथाम के लिए पंचायत स्तर पर चलाए जा रहे प्रयासों को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
लोगों को दिलाई नशा निवारण की शपथ
अधिकारियों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और इसकी रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को नशा निवारण की शपथ भी दिलाई गई।
सामूहिक प्रयास से बनेगा नशामुक्त समाज : एसडीएम
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन, विभिन्न विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम जनता का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति निरंतर जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर नशे की रोकथाम के लिए नियमित निगरानी, प्रभावी समन्वय और जनभागीदारी को बढ़ावा देना जरूरी है, ताकि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूत किया जा सके।





