नशे को लेकर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की प्रतिबद्धता स्पष्ट, आने वाले समय में नशा बीते समय की बात होगी : जयराम ठाकुर

31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम को पूरे देश के लिए प्रेरणा का एक बड़ा माध्यम बना दिया है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए देश के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को पहचान और व्यापक मंच मिलता है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि जिन लोगों के प्रयासों को शायद वह पहचान नहीं मिल पाती, उनके कार्यों को प्रधानमंत्री स्वयं देश के सामने रखते हैं। यह संबंधित लोगों के लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ पूरे देश के लिए प्रेरणा का माध्यम भी है।

नशे के खिलाफ जन आंदोलन की जरूरत

जयराम ठाकुर ने कहा कि दुनिया में अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ रहे भारत के सामने नशा एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि नशा देश की युवा पीढ़ी को अपनी चपेट में ले रहा है और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में भी नशे का प्रसार चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि नशे से निपटना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नशे के खिलाफ प्रतिबद्धता पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई तभी लड़ी जा सकती है, जब इसे जन आंदोलन बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से देश में नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती को समाप्त किया जा सकता है, तो नशे के खिलाफ भी सफलता हासिल की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नशा बीते समय की बात होगा, लेकिन इसके लिए हर देशवासी और हर हिमाचली को इस लड़ाई में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी होगी।

इतिहास और संस्कृति से जुड़े प्रयासों का किया उल्लेख

जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘मन की बात’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतिहास के महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अपनी पहल और प्रयासों के माध्यम से इतिहास, संस्कृति और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा ऐसे प्रयासों को देश के सामने रखने से अन्य लोगों को भी कुछ नया करने और समाज के लिए योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।

‘लोकल फॉर वोकल’ को आगे बढ़ाने का आह्वान

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देने के साथ-साथ ‘लोकल फॉर वोकल’ के मंत्र को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देशवासियों को स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और स्थानीय लोगों के प्रयासों को मजबूती मिल सके।

करोड़ों लोगों को जोड़ने का माध्यम बना ‘मन की बात’

जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘मन की बात’ अब केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने और उनसे प्रेरणा लेने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के प्रत्येक संस्करण में ऐसे विषय सामने आते हैं, जिनसे समाज को बहुत कुछ सीखने और समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों के प्रयासों को देश के सामने लाकर उन्हें प्रोत्साहित करने का सराहनीय कार्य किया है।

जयराम ठाकुर ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर बधाई देते हुए कहा कि निश्चित रूप से यह कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा माध्यम बन चुका है।

Share the news