नौणी विश्वविद्यालय में 9.5 लाख रुपये की लागत से बने टेबल टेनिस हॉल का उद्घाटन

31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | नौणी, सोलन

नौणी। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में सोमवार को नवनिर्मित टेबल टेनिस हॉल का उद्घाटन किया गया। विश्वविद्यालय निधि से करीब 9.5 लाख रुपये की लागत से तैयार यह सुविधा विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल में स्थापित की गई है।

टेबल टेनिस हॉल में विद्यार्थियों के लिए इनडोर खेल की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इसका उद्देश्य छात्रावास परिसर में विद्यार्थियों को खेल एवं मनोरंजन गतिविधियों के लिए एक समर्पित स्थान उपलब्ध करवाना है। विश्वविद्यालय के खेल परिसर और अधिकांश छात्रावासों में पहले से ही विभिन्न खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं।

कुलपति ने किया उद्घाटन

नवनिर्मित भवन का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.एस. बवेजा ने विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारियों और छात्रावास कर्मचारियों की मौजूदगी में किया। यह टेबल टेनिस हॉल विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टलों के लिए केंद्रीकृत खेल सुविधा के रूप में कार्य करेगा। इससे विद्यार्थी छात्रावास परिसर में ही इनडोर खेल और मनोरंजक गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।

इस अवसर पर प्रो. बवेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इनमें खेल एवं मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि नई टेबल टेनिस सुविधा विद्यार्थियों को इंडोर खेलों में भाग लेने का अवसर देने के साथ-साथ छात्रावासों में मनोरंजक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। विश्वविद्यालय शिक्षा और अनुसंधान के साथ-साथ खेल एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास को भी समान महत्व देता है।

कुलपति ने कहा कि पर्याप्त खेल और मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध करवाना स्वस्थ एवं जीवंत परिसर वातावरण तैयार करने का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों की सुविधाओं में सुधार और उनके समग्र विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में नए अवसर तलाशता रहेगा।

Share the news