पंजाब किंग्स की टीम पहली बार धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में लगातार दोनों मैचो में हारी, प्लेऑफ से बाहर

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

20 मई 2023

पंजाब किंग्स की टीम पहली बार धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में लगातार दोनों मैच हार गई। इससे दर्शक मायूस हो गए। इसी के साथ प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के साथ ही पंजाब का आईपीएल का सफर भी खत्म हो गया। वहीं स्टेडियम पूरी तरह पैक होने से दर्शक टिकट लेकर खड़े रहे। एंट्री नहीं मिलने से उन्होंने एचपीसीए के खिलाफ नारेबाजी भी की। एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में लगातार दूसरे आईपीएल मैच में पंजाब के ओपनर शिखर धवन का बल्ला नहीं बोला। ऐसे में घरेलू मैदान धर्मशाला में पंजाब किंग्स को राजस्थान रॉयल्स ने के खिलाफ धवन 17 रन बनाकर आउट हो गए। पावर प्ले में जल्दी रन बनाने का दबाव पंजाब के बल्लेबाजों पर दिखा। बल्लेबाजी के अनुकूल धर्मशाला की पिच पर पंजाब को शुरुआती झटके लगे। इस मैदान पर पहली बार खेल रहे राजस्थान रॉयल्स के नवदीप सैनी ने दमदार गेंदबाजी की और तीन विकेट लिए। पहले मैच में शून्य पर आउट होने वाले धवन दूसरे मुकाबले में भी कुछ खास नहीं कर सके।

दर्शकों को उम्मीद थी कि इस मैच में शिखर के बल्ले से बड़ी पारी निकलेगी, लेकिन वह कुछ खास नहीं कर सके। 12 गेंदों में दो चौकों की मदद से उन्होंने 17 रन बनाए और एडम जांपा का शिकार बने। हालांकि, मध्यक्रम में जितेश, कप्तान सैम करन ने साझेदारी की। करन 49 रन बनाकर नाबाद रहे। जितेश ने 44 रन की पारी खेली। आखिरी के ओवरों में शाहरुख खान ने भी हाथ दिखाए और 23 गेंदों में 41 रन की पारी खेली और पंजाब के स्कोर को 187 तक पहुंचाया। शाहरुख खान ने पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। उधर, राजस्थान को जीत के लिए आखिरी ओवर में नौ रन की आवश्यकता थी। ध्रुव जुरेल और ट्रेंट बोल्ट ने शुरुआती तीन गेंद पर चार रन बना लिए। इसके बाद चौथी गेंद पर जुरेल ने छक्का लगाकर मैच को समाप्त कर दिया। पंजाब ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 189 रन बना लिए। राजस्थान रॉयल्स ने चार विकेट से मैच जीत लिया।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news