बंजार में 10.39 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

कुल्लू। बंजार क्षेत्र में 10.39 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी के मामले में सैंज पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की उम्र 30 वर्ष है और वह सैंज तहसील के पुखरी गांव का निवासी है।

पुलिस के मुताबिक, 22 और 23 सितंबर, 2026 की मध्यरात्रि को जिला डिटेक्शन सेल, बंजार की टीम ने धामण पुल के समीप नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक वाहन की तलाशी लेने पर बालीचौकी और सिल्ह, बंजार निवासी दो युवकों के कब्जे से 10.39 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सैंज में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की और उनसे प्राप्त तथ्यों तथा उनकी निशानदेही के आधार पर एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने पुखरी, डाकघर ब्रैहिण, तहसील सैंज निवासी 30 वर्षीय युवक को 27 सितंबर, 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को 28 सितंबर को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

सैंज पुलिस मामले में चिट्टे के स्रोत, इसकी आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगामी अन्वेषण नियमानुसार जारी है।

Share the news