
15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | बक्सर, बिहार

बक्सर। एसजेवीएन ने बिहार के बक्सर जिले के चौसा स्थित 1320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना (बीटीपीपी) की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-II के वाणिज्यिक प्रचालन की महत्वपूर्ण उपलब्धि का जश्न मनाया। परियोजना परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने किया। इस अवसर पर निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल भी उपस्थित रहे।
केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष का किया उद्घाटन
भूपेंद्र गुप्ता ने रिबन काटकर और औपचारिक उद्घाटन बटन दबाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने परियोजना के केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन करने के साथ ही प्रचालन की तैयारियों और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ऐश डाइक सहित परियोजना के प्रमुख प्रचालन घटकों का भी दौरा किया।
टीम एसटीपीएल के प्रयासों को सराहा
भूपेंद्र गुप्ता ने टीम एसटीपीएल को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों, समर्पण और मजबूत टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने परियोजना के रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बक्सर ताप विद्युत परियोजना बिहार की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने टीम से इसी गति को बनाए रखने तथा विद्युत संयंत्र के सुरक्षित, कुशल और विश्वसनीय प्रचालन पर लगातार ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
बिहार सरकार के अधिकारियों से भी हुई चर्चा
भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल का एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलक कुमार मुखोपाध्याय और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया।
दौरे के दौरान एसजेवीएन के अधिकारियों ने बिहार सरकार के ऊर्जा सचिव अजय यादव और बक्सर की जिला दंडाधिकारी साहिला से भी मुलाकात की। बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। इनमें भूमि अधिग्रहण, सीएसआर, पीएसपी परियोजनाएं, पीपीए से जुड़े विषय, एसजेवीएन के पास उपलब्ध नवीकरणीय विद्युत तथा बिहार में संभावित निवेश के अवसर शामिल रहे।
पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल ने परियोजना परिसर में पौधारोपण भी किया।
बक्सर जिले के चौसा में स्थित 1320 मेगावाट की बक्सर ताप विद्युत परियोजना का निष्पादन एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनी एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) द्वारा किया गया है।





