बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी पर देवभूमि बजंतरी कल्याण संघ ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

28 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा पर देवभूमि बजंतरी कल्याण संघ ने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। संघ के अध्यक्ष मेहर चंद सहित जिला कुल्लू के बजंतरियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे बजंतरी समुदाय के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

संघ के अध्यक्ष मेहर चंद ने कहा कि कुल्लू की समृद्ध देव संस्कृति और प्राचीन परंपराओं को जीवित रखने में बजंतरियों की अहम भूमिका है। देवी-देवताओं से जुड़े धार्मिक आयोजनों, देव मेलों और पारंपरिक रस्मों में बजंतरी अपने वाद्य यंत्रों और कला के माध्यम से देव परंपराओं का निर्वहन करते हैं। ऐसे में मानदेय में बढ़ोतरी से समुदाय को प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बजंतरी केवल पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे पीढ़ी-दर-पीढ़ी हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति, देव परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। मानदेय में 10 प्रतिशत की वृद्धि से बजंतरी समुदाय में खुशी का माहौल है।

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के प्रयासों की सराहना

मेहर चंद ने दशहरा कमेटी के अध्यक्ष एवं कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे बजंतरियों के हितों और उनकी समस्याओं को लेकर लगातार प्रयासरत रहते हैं। उनके प्रयासों से समुदाय की मांगों को उचित मंच मिला है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। साथ ही उम्मीद जताई कि भविष्य में भी बजंतरी समुदाय की समस्याओं और मांगों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Share the news