बड़सर में भारी बारिश से तबाही, पानी में डूबी गाड़ियां और घर; कच्चे मकानों पर भी मंडराया खतरा

खबर अभी-अभी | 19 अगस्त 2026 | हमीरपुर


हमीरपुर जिले के बड़सर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार देर रात से शुरू हुई बारिश बुधवार तक जारी रही, जिसके चलते कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई। कई लिंक रोड बंद हो गए हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में गाड़ियां और घर बारिश के पानी में डूब गए।

बड़सर की लोहड़र पंचायत के चौहा गांव में भारी बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। कई गाड़ियां भी पानी में डूब गईं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण कुछ कच्चे मकानों के गिरने की भी स्थिति बनी हुई है।

विधायक ने प्रशासन से की स्कूलों में छुट्टी की मांग

बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि खड्डों के किनारे स्थित स्कूलों में तत्काल छुट्टी की जाए। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के बीच बच्चों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

विधायक ने बताया कि मंगलवार रात से ही उन्हें विभिन्न क्षेत्रों से बारिश से हुए नुकसान की सूचनाएं मिल रही हैं। कुछ स्थानों पर कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई जगह बारिश का पानी घरों के अंदर घुसने से लोगों का सामान भी प्रभावित हुआ है।

प्रभावित इलाकों का दौरा, अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश

इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि वह प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। जिन क्षेत्रों में लोगों की जान-माल को अधिक खतरा है, वहां जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए भी कहा गया है।

बारिश के कारण बंद हुए लिंक रोड को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं। कई स्थानों पर भूस्खलन होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

वहीं, धगोटा क्षेत्र में बारिश का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Share the news