बाबा बाल जी महाराज के आश्रम में 3 सितंबर को पहुंचेंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

29 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | ऊना

ऊना। भाजपा जिला कार्यालय दीप कमल में शनिवार को जिला भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऊना सदर के विधायक एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

2 सितंबर के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों पर चर्चा

मिन्हास ने बताया कि 2 सितंबर को राज्यपाल के मुख्य आतिथ्य में होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

3 सितंबर को बाबा बाल जी आश्रम पहुंचेंगे नायब सिंह सैनी

जिला भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि 3 सितंबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बाबा बाल जी महाराज के आश्रम में दर्शन के लिए पहुंचेंगे। उनके स्वागत को लेकर भाजपा की ओर से हेलिपैड से लेकर बाबा बाल जी महाराज के दरबार तक विभिन्न टीमों का गठन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बैठक में कार्यकर्ताओं की ड्यूटी और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर भी रणनीति तैयार की गई है।

सभी बूथों पर सुना जाएगा ‘मन की बात’ कार्यक्रम

मिन्हास ने बताया कि रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का जिले के सभी बूथों पर सामूहिक रूप से प्रसारण सुना जाएगा। इसके बाद बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा कांग्रेस सरकार की नीतियों और कथित जनविरोधी फैसलों को तथ्यों के साथ आम जनता के सामने रखने का आह्वान किया।

मिन्हास ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना भाजपा की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

Share the news