
खबर अभी-अभी | सोलन, 20 अगस्त 2026।
मनीष कुमार, सोलन।

मुरारी लाल मेमोरियल स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सोलन की छात्राओं ने अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू), मंडी द्वारा घोषित बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किए हैं। छात्राओं की इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है।
कॉलेज की छात्रा भावना चौधरी ने बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आकांक्षा गर्ग ने प्रदेशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा प्रगति, हिमांशी, तनीषा अरोड़ा और अदिति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। छात्राओं की इस उपलब्धि ने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
15 छात्राओं ने हासिल किया चौथा स्थान
कॉलेज की 15 छात्राओं ने संयुक्त रूप से प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। एक ही संस्थान की इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं का प्रदेश की शीर्ष मेरिट सूची में शामिल होना कॉलेज के लिए गौरव का विषय है।
इस शानदार प्रदर्शन पर कॉलेज के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता, निदेशक अंकित गुप्ता और निमित गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सफल छात्राओं, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से संस्थान का नाम प्रदेश स्तर पर ऊंचा किया है।
मेहनत और बेहतर मार्गदर्शन का परिणाम : प्राचार्य
कॉलेज के प्राचार्य रघुनंदन सिंह ने कहा कि उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के बेहतर मार्गदर्शन और संस्थान में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता संस्थान के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत कर बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना संस्थान की प्राथमिकता है। प्रदेश स्तर पर छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रमाण है।
मुरारी लाल मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं की इस उपलब्धि पर कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और सहपाठियों ने सभी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





