
खबर अभी अभी | 24 अगस्त, 2026 | शिमला

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने विधानसभा में अपने क्षेत्र में आई आपदा और प्रभावित परिवारों को राहत राशि दिए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बोह क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान आई फ्लैश फ्लड से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था।
विधायक ने सरकार से पूछा कि वर्ष 2021 में आई आपदा के दौरान प्रभावित लोगों को कितनी धनराशि उपलब्ध करवाई गई थी। उन्होंने बताया कि फ्लैश फ्लड की इस घटना में 15 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए थे और प्रभावित परिवारों को राहत की आवश्यकता है।
एक साल बाद भी नहीं मिली 1500 करोड़ की राशि : जगत सिंह नेगी
कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में आपदा के बाद 1500 करोड़ रुपये की सहायता देने की बात कही थी, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद यह राशि प्रदेश को नहीं मिली है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शाहपुर क्षेत्र में बादल फटने की घटना नहीं हुई थी, बल्कि फ्लैश फ्लड आई थी, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ।
मंत्री ने कहा कि प्रभावित 19 लोगों को आठ-आठ लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की नई सोच और हिम्मत के कारण आपदा प्रभावितों के लिए राहत राशि में बढ़ोतरी की गई है।
नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।





