
खबर अभी-अभी | शिमला, 20 अगस्त।

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को छोटा शिमला स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर कैबिनेट सहयोगियों के साथ पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए प्रदेशवासियों से सद्भावना दिवस मनाने का आह्वान किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और पेपर लीक, विजिलेंस जांच, मानसून सत्र तथा प्रदेश की संपदा से जुड़े मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बदले की भावना से काम नहीं कर रही है। प्रदेश की संपदा को लूटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, लेकिन बेवजह किसी को प्रताड़ित नहीं किया जाएगा। उन्होंने भाजपा के समय हुए कथित पेपर लीक मामलों को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि उस समय दोषियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
पेपर लीक मामले में भाजपा पर निशाना
पेपर लीक मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकाल में हिमाचल में पेपर लीक हुए, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं की गई।
सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार ने पेपर लीक मामलों में कार्रवाई करते हुए दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा है। पुलिस पेपर लीक मामले में सीबीआई की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि जांच में कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत है तो सीबीआई स्वयं कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर सीबीआई किसे बचाने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में आउटसोर्स व्यवस्था को समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। पब्लिक सर्विस कमीशन में पहली बार लिखित परीक्षा के अंकों को जोड़ने का फैसला लिया गया है और सरकारी नौकरियों में सिफारिश की कोई गुंजाइश नहीं है।
मीडिया को लेकर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कुछ भाजपा प्रायोजित पत्रकारों द्वारा नकारात्मक खबरें चलाने का आरोप लगाया। पत्रकारों पर मामले दर्ज किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि तथ्यों के आधार पर खबर लिखने पर कोई मामला दर्ज नहीं होगा, लेकिन झूठ बोलकर वातावरण दूषित करने की कोशिश की जाएगी तो कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि संबंधित कानून राज्य सरकार ने नहीं, बल्कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बनाया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि केंद्र सरकार करीब 4,000 वेबसाइट बंद कर चुकी है, जबकि हिमाचल सरकार ने किसी भी पोर्टल को बंद नहीं किया है। उन्होंने कहा कि आम लोग भी कुछ मीडिया पोर्टलों के खिलाफ एफआईआर कर रहे हैं और ब्लैकमेलिंग के चलन पर लगाम लगाना जरूरी है।
मानसून सत्र में विपक्ष को तथ्यों के साथ आने की नसीहत
मानसून सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में पहली बार 10 दिन का विधानसभा सत्र बुलाया गया है। उन्होंने विपक्ष से मुद्दों के साथ सदन में आने को कहा और भरोसा दिलाया कि सरकार तथ्यों के साथ जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि सरकार श्वेत पत्र ला रही है, जिससे जनता के सामने यह स्पष्ट होगा कि प्रदेश की संपदा के साथ किसने क्या किया। मुख्यमंत्री ने विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष से कहा कि वे विरोध करें और वॉकआउट भी करें, लेकिन सरकार को सदन में अपनी बात रखने का अवसर भी दें।
डॉ. जनक राज की विजिलेंस जांच पर बोले सुक्खू
विधायक डॉ. जनक राज के खिलाफ विजिलेंस जांच को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जांच के लिए बुलाया गया है और उन्हें जांच में जवाब देकर तथ्य सामने रखने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि हिमकेयर योजना में पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन किए गए और जांच में अभी कई अन्य तथ्य सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय डॉ. जनक राज आईएमसी के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट थे, इसलिए उनसे इस मामले में पूछताछ की जा रही है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार किसी के खिलाफ द्वेष की भावना से कार्रवाई नहीं कर रही है।
राजीव गांधी की जयंती पर गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि 18 वर्ष की उम्र में युवाओं को मतदान का अधिकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की बेहतर शिक्षा की सोच के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय शुरू किए गए थे। इसी तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में 68 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल तैयार किए जा रहे हैं। सरकार इन्हें बेहतर सरकारी डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित कर रही है।
सुक्खू ने कहा कि राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना के तहत किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) उपलब्ध करवाया जा रहा है। वहीं, हमीरपुर में उत्तर भारत की पहली टेस्टिंग लैब स्थापित की गई है।
बीबीएमबी मामले में हिमाचल को हर साल 500 करोड़ की अतिरिक्त आय की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने बीबीएमबी से जुड़े मामले पर कहा कि जल्द ही महत्वपूर्ण फैसला आने वाला है। यदि फैसला हिमाचल के पक्ष में आता है तो प्रदेश को हर वर्ष करीब 500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी।
उन्होंने कहा कि इस मामले में कपिल सिब्बल हिमाचल की ओर से पेश होंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार हरियाणा अपना एफिडेविट दे चुका है, जबकि पंजाब की ओर से आनाकानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि फैसला हिमाचल के पक्ष में आने पर प्रदेश को अतिरिक्त आय होगी और पंजाब तथा हरियाणा को भी हिमाचल के पानी का लाभ मिलेगा।
मानसून सत्र के बाद दिल्ली जाएंगे मुख्यमंत्री
CWC की बैठक और दिल्ली दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई है और पार्टी का कार्यक्रम CWC तय करेगी। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र के बाद वह दिल्ली जाएंगे और केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल के हक से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे।





