माय भारत सिरमौर की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

सिरमौर, 26 सितंबर 2026।
खबर अभी अभी | सिरमौर

माय भारत सिरमौर के युवा कार्यक्रमों से संबंधित जिला सलाहकार समिति की दूसरी बैठक शनिवार को उपायुक्त कार्यालय सिरमौर में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता काप्टा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गत तिमाही के दौरान माय भारत द्वारा संचालित विभिन्न युवा-केंद्रित कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में फ्यूचर लीडरशिप बूटकैंप, विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) क्विज, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण, सेवा पखवाड़ा, नशा मुक्त युवा जिला स्तरीय प्रतियोगिता तथा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित गतिविधियों सहित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही इन पहलों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा

बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। इनमें वंदे मातरम् कैंप, VBYLD सांस्कृतिक चरण, खंड एवं जिला स्तरीय खेल गतिविधियां तथा अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल हैं।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने संबंधित विभागों को माय भारत की पहलों के साथ बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय और अभिसरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि युवा-केंद्रित कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को सहभागिता, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास के सार्थक अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है।

स्वयंसेवकों को अनुभवात्मक अधिगम के अवसर देने पर जोर

बैठक में माय भारत के आगामी अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रमों पर विशेष बल दिया गया। संबंधित विभागों से माय भारत स्वयंसेवकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा उन्हें व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक अधिगम के अवसर उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया।

इसके माध्यम से स्वयंसेवक विभिन्न सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और विभागीय पहलों के संचालन की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित हो सकेंगे।

बैठक का समापन सिरमौर जिला में युवाओं की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा युवा-केंद्रित पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

बैठक का संचालन जिला युवा अधिकारी अमृषा शर्मा ने किया।

Share the news