मुख्यमंत्री ने मंडी में 136.25 करोड़ रुपये की 21 विकासात्मक परियोजनाओं के किए लोकार्पण एवं शिलान्यास

बल्ह, नाचन, मंडी सदर और करसोग विधानसभा क्षेत्रों को मिली विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात
26 सितंबर 2026
खबर अभी अभी | मंडी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को मंडी जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान बल्ह क्षेत्र के कंसा मैदान में 136.25 करोड़ रुपये की लागत वाली 21 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। ये परियोजनाएं बल्ह, नाचन, मंडी सदर और करसोग विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं।

सड़क परियोजनाओं का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 10.73 करोड़ रुपये की लागत से चंडियाल-पिपली-कुठवाड़ी-कांडी-तारापुर-खारसी-मनसा माता मंदिर डोला-टिक्कर सड़क के मेटलिंग एवं टारिंग कार्य का लोकार्पण किया। इसके अलावा 8.28 करोड़ रुपये की सकरोहा-नैना माता मंदिर पिपली-नदौल-कासला-मलवाणा सड़क, 5.11 करोड़ रुपये की लखवाण-डहणू-भनशोट-रठोल-अंद्रेटा-मैरामसीत सड़क तथा 3.08 करोड़ रुपये की टांडा-कोहला-टिक्करी-कावलकोट सिद्धकोठी (वाया बाबा बालक नाथ मंदिर)-थपला गोभोल गलू सड़क का भी उद्घाटन किया।

उन्होंने 3.51 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित डोयडा पुल-छजवाण-खाबू पंचायत घर-दूसरा खाबू से दरबयास सड़क तथा 2.08 करोड़ रुपये की लागत से नेरचौक में निर्मित लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।

इसके साथ ही 25.89 करोड़ रुपये की लागत से नेरचौक-रत्ती-कलखर सड़क के उन्नयन कार्य, बेहना में 32 लाख रुपये की लागत से निर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा कोठी में 23 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु औषधालय भवन को भी जनता को समर्पित किया।

जलापूर्ति और पंचायत भवनों का भी उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने बल्ह तहसील में आईपीएच उपमंडल रिवालसर के अंतर्गत बस्तियों के लिए 43.91 करोड़ रुपये की लागत वाली उठाऊ जलापूर्ति योजना का लोकार्पण किया। मंडी में पीआईयू डिवीजन के अंतर्गत 17.01 करोड़ रुपये की बहली-महादेव एवं नेरी-कांगर, पन्यास उठाऊ जलापूर्ति योजना का भी उद्घाटन किया गया।

इसके अलावा 4.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाल (यू-ब्लॉक मंडी) के भवन, 38-38 लाख रुपये की लागत से निर्मित डहणू और मलथेहड़ पंचायत घरों तथा पंडोह (स्योग) में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित मांडव ग्रामीण हाट का लोकार्पण किया।

उन्होंने बल्ह तहसील के पटवार सर्कल रजबाड़ी में 12 लाख रुपये और करसोग तहसील के पटवार सर्कल करसोग में 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित पटवारखानों का भी उद्घाटन किया।

चार परियोजनाओं का किया शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने हलयातर में 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, कांगणी में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले टाइप-I एवं टाइप-II कर्मचारी आवास तथा विकास खंड बल्ह के रत्ती में 1.15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया।

इसके अलावा बल्ह तहसील में 7.38 करोड़ रुपये की लागत से सेकड़ खड्ड और बैहना नाला पर एफपीक्यू उपलब्ध करवाने से संबंधित परियोजना का भी शिलान्यास किया गया।

सड़क और पेयजल सुविधाओं को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में मूलभूत अधोसंरचना और जन सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधाओं में सुधार से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और जिले के सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जलापूर्ति योजनाओं के कार्यान्वित होने से संबंधित गांवों के लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

Share the news