
7 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

चार दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा महोत्सव के सफल आयोजन के बाद शाख मंडी महोत्सव के पांचवें दिन पहली सांस्कृतिक संध्या का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में इंडियन आइडल फेम और बॉलीवुड गायक अनुज शर्मा ने फिल्मी, पहाड़ी और पंजाबी गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 9 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दो दौर की प्रतियोगिता के बाद निर्णायक मंडल ने 4 प्रतिभागियों का चयन किया। प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं की घोषणा महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में 10 अक्टूबर को की जाएगी।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रसिद्ध सूफी गायक हीरा सिंह, सोनू सुरजीत और मंडी के पुलकित कुमार शामिल रहे। प्रतियोगिता के बाद हीरा सिंह और सोनू सुरजीत ने सूफियाना गायकी से पंडाल में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश चौधरी मुख्य अतिथि और हिमाचल प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे। रिम्पल चौधरी, महेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
संध्या की शुरुआत प्रसिद्ध शहनाई वादक बीरी सिंह और उनके साथियों की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद कथक कलाकार दिनेश गुप्ता ने प्रस्तुति दी। मंच का संचालन अनुज शर्मा और लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पहचान रखने वाले कुलदीप गुलेरिया ने किया।
मुख्य गायक अनुज शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से हजारों दर्शकों का मनोरंजन किया। फिल्मी, पहाड़ी और पंजाबी गीतों पर दर्शक देर तक झूमते नजर आए।





