
4 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

त्योहारी सीजन के बीच शिमला के ओल्ड बस स्टैंड क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान पांच दुकानों का निरीक्षण किया गया। एक दुकान में बिक्री के लिए रखे गुलाब जामुन में छोटे कॉकरोच और रबर बैंड मिलने पर करीब 25 किलोग्राम दूषित मिठाई नष्ट करवाई गई। निरीक्षण में कुछ दुकानों पर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी खामियां भी सामने आईं।
डॉ. विजया के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कुछ हलवाई मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाली चीनी की चाशनी को साफ करने के लिए ‘रंग काट’ (RANGKAT) का प्रयोग कर रहे थे। विभाग ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।
खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकानदारों को बताया कि रंग काट का इस्तेमाल कपड़ों की रंगाई में किया जाता है और खाद्य पदार्थों की तैयारी में इसका प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। टीम ने संबंधित दुकानदारों को मिठाइयों के निर्माण में ऐसे पदार्थों का इस्तेमाल तत्काल बंद करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान एक दुकान में रखे गुलाब जामुन में छोटे कॉकरोच और रबर बैंड पाए गए। ये मिठाइयां बिक्री के लिए रखी गई थीं। टीम के हस्तक्षेप के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों ने लगभग 25 किलोग्राम गुलाब जामुन स्वयं नष्ट कर दिए।
विभागीय टीम ने सभी दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को लेकर पांचों दुकानों के खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। नियमों के तहत आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
डॉ. विजया ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ, विशेषकर गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबारियों से निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि मिठाई की दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।





