सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए ब्लैक स्पॉट में सुधार जरूरी : सुरजीत कुमार राठौर

31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति कुल्लू की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम सुरजीत कुमार राठौर ने की। इस दौरान सड़क हादसों को रोकने के लिए विभिन्न उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।

एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाने और प्रभावी सुझावों के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुल्लू के पहाड़ी क्षेत्र को देखते हुए तीखे मोड़ों और गहरी खाइयों वाले स्थानों पर मजबूत क्रैश बैरियर लगाने को कहा।

उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा इन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और उचित सड़क संकेतक लगाने पर भी जोर दिया गया।

कोहरे और बर्फबारी में हादसे रोकने पर जोर

सर्दियों के दौरान कोहरे और बर्फबारी के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एडीएम ने सड़कों पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर लगाने तथा एंटी-स्किड तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने आईआरएडी/ईआरएडी पोर्टल के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं का सटीक विश्लेषण करने के निर्देश भी दिए। हादसों के बाद तकनीकी ऑडिट समय पर पूरा करने के लिए पोर्टल पर दुर्घटनाओं से संबंधित डाटा एंट्री में तेजी लाने को कहा गया।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई

बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन, सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान और सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों ने बताया कि बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग तथा रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान करने के साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

स्कूल बसों और भारी वाहनों की नियमित जांच पर जोर

बैठक में स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही स्कूल बसों, यात्री वाहनों और भारी वाहनों की फिटनेस, परमिट, ओवरलोडिंग और प्रदूषण की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह, सहायक आयुक्त जयबन्ती ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बी.एस. नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेश सहित एनएचएआई के अधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Share the news