सारा परियोजना के अध्ययन के लिए उत्तराखंड पहुंचा हिमाचल जल प्रबंधन बोर्ड का दल

12/8/2026
नाहन, 12 अगस्त
खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश में जल संरक्षण, जलस्रोतों के पुनर्जीवन और बेहतर जल प्रबंधन के लिए SARRA (Spring and River Rejuvenation Authority/Project) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर हिमाचल प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड का प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड के अध्ययन भ्रमण पर है। इस दौरान दल ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनाए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों और तकनीकों का अध्ययन किया।

अध्ययन भ्रमण के तहत बुधवार को प्रतिनिधिमंडल ने लच्छीवाला रेंज और लच्छीवाला नेचर पार्क का दौरा किया। यहां अधिकारियों ने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, प्राकृतिक जलस्रोतों तथा नदी पुनर्जीवन से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड वन विभाग द्वारा SARRA के साथ कन्वर्जेन्स मॉडल के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान कार्यों की तकनीकी संरचना, क्रियान्वयन प्रक्रिया तथा जलस्रोतों और जलधाराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा हुई।

विभागीय संसाधनों के एकीकरण पर जोर

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने जल संरक्षण एवं जलस्रोत पुनर्जीवन के लिए विभिन्न विभागों के संसाधनों और विशेषज्ञता को एकीकृत कर कन्वर्जेन्स आधारित मॉडल विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से यह समझने का प्रयास किया कि प्राकृतिक जलस्रोतों के पुनर्जीवन, जलग्रहण क्षेत्रों के उपचार तथा नदी-नालों में जल प्रवाह बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक तकनीकों के साथ स्थानीय स्तर के उपायों को किस प्रकार प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

हिमाचल में अपनाने पर होगा विचार

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की भौगोलिक एवं पर्वतीय परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे में उत्तराखंड में अपनाई जा रही Best Practices हिमाचल के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इन कार्यप्रणालियों का अध्ययन करते हुए इन्हें हिमाचल प्रदेश में जल संरक्षण तथा स्प्रिंग-रिवर रेजुवेनेशन के कार्यों में लागू करने की संभावनाओं पर चर्चा की।

इस अवसर पर उत्तराखंड वन विभाग एवं SARRA के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को विभिन्न जल संरक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। हिमाचल के अधिकारियों ने प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

प्रतिनिधिमंडल ने दोनों राज्यों के बीच अनुभव और तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान को भविष्य में और मजबूत करने पर भी जोर दिया। अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य उत्तराखंड की सफल कार्यप्रणालियों से सीख लेकर हिमाचल प्रदेश में जल संरक्षण और जलस्रोत पुनर्जीवन के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाना है।

Share the news