
1 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा सोलन शहर में स्थापित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में भाजपा सोलन शहरी मंडल के पदाधिकारियों ने मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में जिला प्रशासन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
भाजपा शहरी मंडल ने ज्ञापन में 16 अगस्त 2026 को सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव का हवाला देते हुए सोलन शहर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। पार्टी ने प्रशासन से आग्रह किया कि अटल जी के राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान, उनके विचारों, सुशासन की अवधारणा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सम्मान देते हुए शहर में किसी उपयुक्त स्थान पर उनकी प्रतिमा शीघ्र स्थापित की जाए।
‘अटल जी के विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत’
भाजपा सोलन शहरी मंडल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व, राष्ट्रवादी विचारों, संवेदनशील दृष्टिकोण और राष्ट्रसेवा के माध्यम से देश के करोड़ों लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया।
पार्टी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की वाणी, विचार और आदर्श आज भी युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उनके योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए सोलन शहर में उनकी प्रतिमा स्थापित करना उनके प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक होगा।
‘प्रतिमा बनेगी स्थायी प्रेरणा का प्रतीक’
भाजपा शहरी मंडल का कहना है कि सोलन शहर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित होने से यह स्थान न केवल उनके प्रति सम्मान का प्रतीक बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्थायी केंद्र बनेगा।
पार्टी पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की कि इस प्रस्ताव पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेते हुए सोलन शहर में उपयुक्त स्थान का चयन कर प्रतिमा स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान मंडल महामंत्री धर्मेंद्र ठाकुर, मंडल महामंत्री संजय मलिक, उपाध्यक्ष अनिल, कार्यालय महामंत्री जगदीश गर्ग सहित भाजपा सोलन शहरी मंडल के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा शहरी मंडल ने कहा कि ‘अटल जी की स्मृति सोलन की धरती पर, आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बने।’





