
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
5 मई 2023

जिला मुख्यालय ऊना स्थित आईएसबीटी परिसर में टीम ऊना ब्लड सर्विस और आईएसबीटी प्रबंधन एमआरसी ग्रुप के संयुक्त तत्वाधान में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में जहां सैकड़ों की संख्या में युवा स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए उमड़े, वहीं युवा आईएएस अधिकारी एवं एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए इस शिविर का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में गुरु नानक देव जी के वंशज बाबा अमरजोत सिंह बेदी ने भी विशिष्ट अतिथि के रुप में शिरकत की, जबकि आईएसबीटी के महाप्रबंधक प्रवेश शर्मा ने भी व्यवस्थाओं की कमान संभाली। इस मौके पर एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने टीम ऊना ब्लड सर्विस के अध्यक्ष लविश कपिला द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में दी जा रही अनुकरणीय सेवाओं की प्रशंसा करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को उनका साथ देने के लिए प्रेरित किया।
एडीसी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता और किसी का अनमोल जीवन बचाने का अवसर यदि आपको मिलता है तो आप सौभाग्यशाली हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कोई कमजोरी नहीं आती, अपितु दान किया गया रक्त महज 24 घंटे के भीतर शरीर में पूरा भी हो जाता है।
महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि युवा वर्ग किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होती है और यदि युवा अपने हाथों में इस तरह के कार्यों की कमान संभालने तो वह राष्ट्र स्वस्थ और हृष्ट-पुष्ट भी होता है। इस मौके पर जिला मुख्यालय के रीजनल अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की टीम ने शिविर में सेवाएं प्रदान की।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





