
6/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी
*मंडी, 6 अगस्त।* श्रम कल्याण अधिकारी, मंडी अनिल ठाकुर ने मंडी जोन के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से भारत सरकार के ई-श्रम पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाकर ई-श्रम कार्ड बनवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ई-श्रम कार्ड के माध्यम से श्रमिक केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि ई-श्रम पोर्टल का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का राष्ट्रीय स्तर पर एक व्यापक डेटाबेस तैयार करना है, ताकि पात्र श्रमिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। ई-श्रम पंजीकरण के लिए श्रमिक की आयु 16 से 59 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक), बैंक खाते का विवरण तथा मोबाइल नंबर आवश्यक हैं। पात्र श्रमिक स्वयं ई-श्रम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं अथवा अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी ई-श्रम कार्ड बनवा सकते हैं।
उन्होंने मंडी जोन के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से भी आग्रह किया कि यदि उन्होंने अभी तक ई-श्रम कार्ड नहीं बनवाया है, तो प्राथमिकता के आधार पर इसे बनवाएं। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए श्रमिक श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय, मंडी या संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।






