
25 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | नाहन।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरमौर की ओर से डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नाहन में बाल अधिकारों एवं संरक्षण को लेकर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, एफ.टी.एस.सी. सिरमौर सुभाष चन्द्र भसीन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश नव कमल ने कानून विशेषज्ञ के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।
सुभाष चन्द्र भसीन ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े कानूनी उपायों के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाना, विधिक साक्षरता बढ़ाना तथा उन्हें कानूनी संरक्षण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना है।
सचिव नव कमल ने विद्यार्थियों को विधिक सहायता सेवाओं तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और बाल अधिकारों, कानूनी संरक्षण तथा विधिक सहायता से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की।





