एसडीएम पंकज शर्मा ने स्कूल पहुंचकर परखी जमीनी हकीकत

29 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

सुशांत शर्मा | कुल्लू। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगलौर का दौरा कर विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

दौरे के दौरान एसडीएम ने विद्यालय के कक्षों, पुस्तकालय, पेयजल व्यवस्था सहित विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति भी देखी तथा आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश जारी किए।

विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

एसडीएम पंकज शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ खुलकर संवाद किया और पढ़ाई के साथ-साथ स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर उनकी राय जानी। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके उचित समाधान का भरोसा दिलाया।

पंकज शर्मा ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल मिलता है।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर होगा समाधान

एसडीएम ने कहा कि प्रशासन की ओर से शिक्षण संस्थानों का समय-समय पर दौरा कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली जा रही है। इसका उद्देश्य स्कूलों में सामने आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन के बीच समन्वय के साथ लगातार कार्य किया जाएगा।

Share the news