कसौली छावनी के दुकानदारों पर 20% किराया बढ़ोतरी का मामला रक्षा मंत्री के दरबार पहुंचा, सुरेश कश्यप ने मांगी राहत

11/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी

**शिमला।** कसौली छावनी क्षेत्र के दुकानदारों पर प्रस्तावित 20 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी और दुकानों के विस्तारित हिस्सों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का मामला अब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष पहुंच गया है। शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने रक्षा मंत्री से मुलाकात कर दुकानदारों की समस्याओं से अवगत करवाया और मामले में राहत देने का आग्रह किया।

सुरेश कश्यप ने रक्षा मंत्री को सौंपे पत्र में कहा कि कसौली कैंटोनमेंट बोर्ड की ओर से दुकानों के लीज रेंट में 20 प्रतिशत वृद्धि प्रस्तावित है। इसके साथ ही दुकानों के विस्तारित हिस्सों पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की बात सामने आई है। कश्यप के अनुसार, इस फैसले से पहले से आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे स्थानीय दुकानदारों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।

दुकानदारों के दावे का भी पत्र में उल्लेख

कश्यप ने रक्षा मंत्री को बताया कि दुकानदारों के अनुसार दुकानों के विस्तारित हिस्सों का निर्माण उन्होंने कैंटोनमेंट बोर्ड से आवश्यक अनुमति लेने के बाद अपने खर्च पर किया था। दुकानदारों का कहना है कि उस समय भविष्य में इस तरह के आवर्ती अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की कोई शर्त नहीं रखी गई थी। ऐसे में अब अतिरिक्त शुल्क की मांग को लेकर व्यापारियों में चिंता है।

हेरिटेज मार्केट की आग से पहले ही हुआ नुकसान

सांसद ने कहा कि कसौली की हेरिटेज मार्केट में हाल ही में हुई आग की घटना से स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आग की घटना के बाद कारोबार प्रभावित हुआ है और दुकानदार पहले से आर्थिक दबाव में हैं।

कश्यप के मुताबिक, ऐसे समय में 20 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी और अतिरिक्त शुल्क की वसूली दुकानदारों के लिए दोहरी आर्थिक मार साबित हो सकती है।

समीक्षा तक वसूली रोकने की मांग

सुरेश कश्यप ने रक्षा मंत्री से आग्रह किया कि पूरे मामले की समीक्षा होने तक प्रस्तावित किराया वृद्धि और अतिरिक्त शुल्क की वसूली को स्थगित रखा जाए। साथ ही उन्होंने मांग की कि समीक्षा पूरी होने तक प्रभावित दुकानदारों के खिलाफ किसी भी तरह की कठोर या जबरन कार्रवाई न की जाए।

उन्होंने कहा कि कसौली हिमाचल प्रदेश का महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र है और स्थानीय बाजार यहां की पर्यटन अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है। ऐसे में छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए मामले में मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए।

‘दुकानदार विशेष लाभ नहीं, न्यायसंगत राहत चाहते हैं’

कश्यप ने कहा कि दुकानदारों की मांग किसी विशेष लाभ की नहीं, बल्कि मौजूदा परिस्थितियों में न्यायसंगत राहत की है। उन्होंने कहा कि हेरिटेज मार्केट में आग और उसके बाद कारोबार पर पड़े असर को देखते हुए दुकानदारों की स्थिति को संवेदनशीलता के साथ समझने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री से किराया वृद्धि और अतिरिक्त शुल्क के मामले की सहानुभूतिपूर्वक समीक्षा करने तथा समीक्षा पूरी होने तक दुकानदारों को राहत देने का आग्रह किया है।

सुरेश कश्यप ने उम्मीद जताई कि रक्षा मंत्रालय इस मामले पर गंभीरता से विचार करेगा और कसौली छावनी क्षेत्र के प्रभावित दुकानदारों के हित में उचित निर्णय लिया जाएगा।

Share the news