कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने जिला कार्यकारिणी की घोषणा, 3 महीने में होगा पदाधिकारियों के काम का आकलन

खबर अभी अभी | 03 सितंबर 2026 | हमीरपुर

लंबे समय से लंबित जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की आखिरकार घोषणा कर दी गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान नई कार्यकारिणी का ऐलान किया। कार्यकारिणी में पांच वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 14 उपाध्यक्ष और 14 महासचिव नियुक्त किए गए हैं।

सुमन भारती शर्मा ने स्पष्ट किया कि नई कार्यकारिणी में किए गए नियुक्तियां स्थायी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली पर अगले तीन महीने तक नजर रखी जाएगी। यदि कोई पदाधिकारी पार्टी के लिए सक्रियता से काम नहीं करता है तो उसकी पद से छुट्टी भी की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी में नए और पुराने, दोनों ही कर्मठ कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिम्मेदारी इसलिए सौंपी गई है, ताकि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके। पार्टी का लक्ष्य कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत आधार देना है।

पांचों ब्लॉकों को प्रतिनिधित्व

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पांच पदों पर पांचों ब्लॉकों से एक-एक पदाधिकारी को नियुक्त किया गया है। वहीं उपाध्यक्ष और महासचिव पदों पर संगठन में संतुलन बनाए रखते हुए 14-14 पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने पहली बार पांचों ब्लॉकों के लिए तीन-तीन प्रभारियों की नियुक्ति भी की है। ये प्रभारी संबंधित ब्लॉकों में पार्टी के कार्यों की समीक्षा करेंगे और संगठन की गतिविधियों को गति देने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और कांग्रेस के अन्य फ्रंटल संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए भी प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share the news