
17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुपवी, शिमला

कुपवी। नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस के विशेष अभियान के तहत कुपवी क्षेत्र में अवैध रूप से भांग की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेतों से भांग के कुल 811 पौधे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को पुलिस थाना कुपवी की टीम मालत, कोठी, जुब्बली सहित आसपास के क्षेत्रों में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मंगत राम पुत्र चेतू, निवासी तहसील कुपवी ने अपने खेतों में अवैध रूप से भांग के पौधे उगा रखे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित गांव पहुंचकर खेतों की जांच की। जांच के दौरान खेतों में बड़ी संख्या में भांग के पौधे उगे हुए पाए गए। इसके बाद मौके पर पटवारी को बुलाकर भूमि की पहचान करवाई गई। नायब तहसीलदार कुपवी की उपस्थिति में भांग के पौधों को उखाड़ने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मौके से कुल 811 भांग के पौधे बरामद किए। इनमें से 20 पौधों को नमूने के रूप में जब्त किया गया, जबकि शेष 791 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में मंगत राम के खिलाफ पुलिस थाना कुपवी में अभियोग संख्या 26/2026, दिनांक 15 सितंबर 2026, के तहत धारा 20 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।





