कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए पार्किंग स्थल की नीलामी 3 नवंबर को

2 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के दौरान जिला पुस्तकालय के बाईं ओर स्थित पार्किंग स्थल के आवंटन के लिए 3 नवंबर को खुली बोली के माध्यम से नीलामी होगी। नीलामी सुबह 11 बजे बहुउद्देशीय भवन (बचत भवन), कुल्लू की ऊपरी मंजिल पर आयोजित की जाएगी।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी एवं प्लॉट आवंटन समिति के अध्यक्ष रोहित शर्मा ने बताया कि पार्किंग स्थल का आवंटन 3 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक की अवधि के लिए किया जाएगा। इच्छुक बोलीदाता निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार नीलामी में भाग ले सकते हैं।

उन्होंने बताया कि नीलामी में हिस्सा लेने के लिए प्रत्येक बोलीदाता को 10 हजार रुपये की प्रतिभूति राशि नकद या बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से उपायुक्त एवं उपाध्यक्ष, दशहरा उत्सव समिति, कुल्लू के नाम जमा करवानी होगी। यह राशि 3 नवंबर को सुबह 11 बजे बहुउद्देशीय भवन के सभागार में जमा करवानी होगी। सफल बोलीदाता को छोड़कर अन्य प्रतिभागियों की प्रतिभूति राशि उसी दिन वापस कर दी जाएगी।

75 हजार रुपये न्यूनतम बोली राशि निर्धारित

पार्किंग स्थल के लिए न्यूनतम बोली राशि जीएसटी सहित 75 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त पहचान पत्र बनाने के लिए 100 रुपये और रखरखाव के लिए 5 हजार रुपये जमा करवाने होंगे। सफल बोलीदाता को बोली की पूरी राशि 24 घंटे के भीतर जमा करवाना अनिवार्य होगा।

रोहित शर्मा ने स्पष्ट किया कि आवंटन प्राप्त करने वाले व्यक्ति को अपना पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित स्थल से अधिक क्षेत्र में कब्जा करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर आवंटन रद्द करने के साथ चालान भी किया जा सकता है।

पार्किंग स्थल के लिए जमा प्रतिभूति राशि 22 नवंबर 2026 के बाद संबंधित समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने पर ही वापस की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी बोलीदाताओं को दशहरा समिति के नियमों और शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। जिला दंडाधिकारी एवं दशहरा उत्सव समिति के उपाध्यक्ष को बिना कारण बताए आवंटन रद्द करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।

Share the news