
3 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

हिमाचल प्रदेश की अग्रणी सांस्कृतिक संस्था सूत्रधार कला संगम कुल्लू ने अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अपने कलाकारों को सम्मानित किया। सूत्रधार भवन के सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह में लोकनृत्य प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल करने वाले दल सहित सेमी क्लासिकल नृत्य और शास्त्रीय संगीत के कलाकारों को सम्मान प्रदान किया गया।
संस्था पिछले 49 वर्षों से कला, संस्कृति, लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन तथा समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में संस्था के दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कलाकारों ने ऐतिहासिक लाल चन्द प्रार्थी कला केन्द्र में लोकनृत्य की चार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों की खूब सराहना मिली।
लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा और प्रशिक्षक सुंदर श्याम महंत के मार्गदर्शन में तरुण कान्त सभरवाल, चाँद, रजनीश ठाकुर, पवन ठाकुर, अक्षय, निशांत महंत, परीक्षित, तारा शर्मा, ट्विंकल ठाकुर, रेखा ठाकुर, रितिका, सुष्मिता, शबनम, शैलजा, धनवंती, संजय पुजारी और जीवन बुडाल सहित अन्य कलाकारों ने कुल्लू की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य शैलियों की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।
वहीं, संस्था के सेमी क्लासिकल नृत्य दल ने भी अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। संगीत अकादमी के प्राचार्य पं. विद्या सागर के नेतृत्व में रेखा ठाकुर, तारा शर्मा, सोनाक्षी शर्मा, सुष्मिता, निशा, इशिता, मोहिनी और कादम्बिनी शर्मा ने अपनी नृत्य प्रतिभा और मंचीय कौशल का प्रदर्शन किया।
इसके अतिरिक्त दशहरा उत्सव के दौरान आयोजित शास्त्रीय संगीत गायन एवं वादन कार्यक्रमों में पं. विद्या सागर, निशांत गौतम, जीवन बुडाल, संजय पुजारी, निशांत महंत, अमित महंत और दीनदयाल ने प्रस्तुतियां देकर शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया।
समारोह में संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन, उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मंजू लता शर्मा एवं हितेश गोगी, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम महंत, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने कलाकारों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रस्तुतियों ने कुल्लू की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में योगदान दिया है। कलाकारों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि सूत्रधार कला संगम का उद्देश्य नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना और हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। संस्था भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करती रहेगी।





