चीटा, चरस और शराब से भी घातक है मोबाइल का नशा: मेयर सुमन ठाकुर

14 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मंडी के पैलेस कॉलोनी स्थित सेम्फोर्ड लिटिल स्टार स्कूल में कल्याणी सामाजिक संस्था की ओर से नशे की रोकथाम को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। स्कूल की डायरेक्टर निधि गुप्ता ने मेयर का स्वागत करते हुए आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अध्यापकों ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों पर भाषण और कविताएं तैयार करवाईं।

इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कविता और भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों पर संदेश दिया। प्रतियोगिता में अनन्या ने प्रथम, लावण्या ने द्वितीय और बार्बी गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया।

अपने संबोधन में मेयर सुमन ठाकुर ने कहा कि “चीटा, चरस और शराब के नशे से भी घातक मोबाइल का नशा है, जो आज नन्हे बच्चों के दिमाग पर छा गया है।” उन्होंने कहा कि बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत को रोकना जरूरी है, अन्यथा भविष्य में इसके गंभीर दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में मेयर ने विजेता बच्चों को सम्मानित किया और कल्याणी सामाजिक संस्था की पहल की सराहना की। उन्होंने इस मुहिम में सहयोग के लिए सेम्फोर्ड लिटिल स्टार स्कूल का नगर निगम की ओर से आभार जताया।

स्कूल के प्रधानाचार्य जितेंद्र राणा ने मेयर सुमन ठाकुर, कल्याणी सामाजिक संस्था के सदस्यों, अध्यापकों और बच्चों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया।

Share the news