
13 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

महिला सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा ने कुल्लू के ढालपुर में प्रदर्शन किया। अटल सदन से ढालपुर चौक तक निकाली गई रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और मणिपुर के कांग्रेस सांसद प्रो. अगोमचा बिमोल अकोइजम के इस्तीफे की मांग उठाई।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भानु कपूर और महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष एवं प्रवक्ता बिंदिया सूद के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर महिला सम्मान से जुड़े मामलों में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने मांग की कि संबंधित सांसद के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर उचित कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर भी सवाल उठाए।





