
13 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पंजीकरण के लिए सोलन में तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ शिविर शुरू हो गए हैं। ये शिविर 15 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के कौशल विकास केंद्र स्थित सहायक अभियंता कार्यालय में आयोजित किए जा रहे हैं।
विद्युत उपमंडल-2 के सहायक अधिशासी अभियंता विपुल कश्यप ने बताया कि शिविरों में योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, केंद्र सरकार की सब्सिडी, रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने और नेट मीटरिंग की जानकारी दी जा रही है। इच्छुक उपभोक्ताओं का पंजीकरण भी किया जा रहा है।
अग्रणी यूको बैंक की जिला प्रबंधक तमन्ना मोदगिल ने बताया कि योजना के तहत पात्र परिवार छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर बिजली खर्च कम कर सकते हैं। पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानदंडों के अनुसार केंद्र सरकार की सब्सिडी मिलती है।
शिविरों में राष्ट्रीयकृत बैंक भी भाग ले रहे हैं। इच्छुक पात्र उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा की जानकारी भी दी जा रही है।





