
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत शिमला जिला में चल रहे जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय के उप महानिदेशक बिस्वजीत दास ने की।
बैठक में बिस्वजीत दास ने जनगणना कार्य में जुटे अधिकारियों और फील्ड स्टाफ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में आधुनिक तकनीक और विभिन्न डिजिटल टूल का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देश के हिम-बाधित और दुर्गम क्षेत्रों में भी जनगणना का कार्य किया जा रहा है, जहां भौगोलिक एवं मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण चुनौतियां रहती हैं।
25 सितंबर तक लक्ष्य पूरा करने का लक्ष्य
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बैठक में जनगणना के दूसरे चरण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिमला जिला में 15 सितंबर 2026 की शाम तक निर्धारित लक्ष्य का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि जिले की कुल 7,68,664 आबादी में से 5,00,621 व्यक्तियों की जनगणना का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसी तरह कुल 1,90,946 परिवारों में से 1,24,343 परिवारों को अब तक कवर किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान प्रगति को देखते हुए जिला प्रशासन को उम्मीद है कि 25 सितंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। फील्ड स्तर पर सामने आ रही समस्याओं का संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने जनगणना कार्य में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इसी गति और समर्पण के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।
बैठक में निदेशक जनगणना हिमाचल प्रदेश दीपशिखा, नगर निगम शिमला के आयुक्त सचिन कंवल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, तहसीलदार शिमला ग्रामीण संजीव गुप्ता सहित जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





