शालीन में बीपीएल परिवारों से सीधा संवाद, विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने गिनाईं कल्याणकारी योजनाएं

16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। ग्राम पंचायत शालीन में संवाद एवं प्रचार-प्रसार शिविर का आयोजन विधायक भुवनेश्वर गौड़ की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में विभिन्न पंचायतों से पहुंचे बीपीएल परिवारों से सीधा संवाद कर उन्हें सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

शिविर में सोयल, बुरुआ, चचोगा, पलचान, जगतसुख, मनाली, नसोगी, शालीन, शनाग, गोजरा, वशिष्ट और कन्याल क्षेत्र के बीपीएल परिवारों ने भाग लिया। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने मुख्यमंत्री अपना परिवार एवं सुखी परिवार योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने पात्र परिवारों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

खंड विकास अधिकारी नग्गर मुकेश कुमार ने बीपीएल परिवारों के चयन को लेकर विभाग द्वारा निर्धारित मानदंडों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्रता और चयन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को भी स्पष्ट किया।

कार्यक्रम में संबंधित पंचायतों के प्रधान, सचिव और पटवारी भी मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सीधे सुनना रहा।

रिपोर्ट: सुशांत शर्मा, कुल्लू

Share the news