तरोपका में घर की रेलिंग में मिली सरकारी मोहर वाली पाइपें, विजिलेंस ने लिए सैंपल

16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

हमीरपुर। जिले के तरोपका गांव में एक घर की रेलिंग में लगी पाइपों पर सरकारी मोहर मिलने के बाद मामला जांच के घेरे में आ गया है। पाइपों के सरकारी होने की शिकायत विजिलेंस तक पहुंचने के बाद विजिलेंस थाना हमीरपुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

जांच के दौरान विजिलेंस टीम ने जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में रेलिंग में लगी पाइपों के कुछ हिस्से काटकर सैंपल के तौर पर कब्जे में लिए। इन सैंपलों को आगे की जांच के लिए जल शक्ति विभाग को सौंपा गया है।

जल शक्ति विभाग हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता नीरज भोगल ने बताया कि विजिलेंस द्वारा लिए गए सैंपल विभाग को सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

नीरज भोगल के अनुसार, विजिलेंस से शिकायत मिलने के बाद हमीरपुर डिवीजन में पहुंची सरकारी पाइपों के रिकॉर्ड और डाटा की जांच की गई, जो विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार पूरा पाया गया। उन्होंने बताया कि संबंधित घर की रेलिंग में करीब 20 से 25 पाइपों का इस्तेमाल हुआ है।

अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि सरकारी मोहर लगी पाइपें निजी घर की रेलिंग तक कैसे पहुंचीं और ये पाइपें जल शक्ति विभाग के किस डिवीजन से संबंधित हैं। इस संबंध में विजिलेंस और विभागीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही गई है।

Share the news