
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | पधर, मंडी

पधर। जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) मंडी की ओर से आरएएमपी परियोजना के सामाजिक समावेशन घटक के तहत मंगलवार को मिनी सचिवालय पधर के बैठक कक्ष में महिला उद्यमियों के लिए एक दिवसीय फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट आयोजित की गई। कार्यक्रम का क्रियान्वयन एनआईटीकॉन लिमिटेड के माध्यम से किया गया। इसमें द्रंग विकास खंड की करीब 60 महिला उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी द्रंग विनय चौहान ने की। उद्योग विभाग में ईओ इंडस्ट्रीज के रूप में उनके पूर्व अनुभव का लाभ भी प्रतिभागियों को मिला। उन्होंने उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में ईओ इंडस्ट्रीज द्रंग अक्षय शर्मा, एचपी ग्रामीण बैंक पधर शाखा के प्रबंधक शिवांश बंटा, एनएसआईसी के मुख्य प्रबंधक लोकेश भाटिया, आरएसईटीआई के निदेशक प्रभात, एमआईएस से पंकज तथा एनआरएलएम के एरिया कोऑर्डिनेटर हंस राज सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यशाला के दौरान महिला उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय सहायता, सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, उद्यम पंजीकरण, बीमा तथा ओडीओपी और ओएनडीसी जैसे डिजिटल मार्केट प्लेटफॉर्म के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
डीआईसी, एनएसआईसी, आरएसईटीआई और एनआरएलएम के प्रतिनिधियों ने महिला उद्यमियों को उपलब्ध सहायता और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस दौरान आयोजित संवादात्मक सत्र में महिला उद्यमियों ने अपने व्यवसाय से जुड़े सवाल विशेषज्ञों और विभागीय प्रतिनिधियों के समक्ष रखे। संबंधित अधिकारियों ने सवालों के जवाब देते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उद्यमियों को वित्तीय अवसरों, सरकारी सहायता और बाजार से जुड़ने के उपलब्ध साधनों की जानकारी देना तथा उन्हें अपने उद्यमों के विस्तार के लिए प्रोत्साहित करना रहा।





