
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छह दशकों से लंबित परियोजना से जुड़े गतिरोध को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने संवाद और सहमति के माध्यम से आगे बढ़ाने का काम किया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की पहल पर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के बीच परियोजना को लेकर सहमति बनी। 15 सितंबर 2026 को छह राज्यों ने किशाऊ परियोजना के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच लंबे समय से लंबित मुद्दों का समाधान होने से परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है। अनुराग ठाकुर ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, सी.आर. पाटिल और सहभागी राज्यों के मुख्यमंत्रियों का आभार जताया।
परियोजना की 90 प्रतिशत लागत केंद्र उठाएगा
अनुराग ठाकुर ने कहा कि किशाऊ परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित किया गया है और इसके लगभग 90 प्रतिशत वित्तीय भार का वहन केंद्र सरकार, जबकि शेष 10 प्रतिशत भार सहभागी राज्य उठाएंगे। जून 2026 में हुई सहमति में हिमाचल के जल हिस्से को दिल्ली और राजस्थान को देने के बदले हिमाचल के पावर कंपोनेंट की लागत साझा करने की व्यवस्था पर भी सहमति बनी थी।
उन्होंने कहा कि किशाऊ परियोजना केवल बिजली उत्पादन से जुड़ी परियोजना नहीं है, बल्कि सिंचाई, पेयजल और जल सुरक्षा से भी इसका संबंध है। केंद्र सरकार के अनुसार परियोजना के तहत करीब 97 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई और 1,476 मिलियन यूनिट स्वच्छ जलविद्युत उत्पादन का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री पर लगाया राजनीतिक श्रेय लेने का आरोप
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि जिस समझौते को केंद्र सरकार की पहल और छह राज्यों की सहमति से आगे बढ़ाया गया, उसे हिमाचल के मुख्यमंत्री द्वारा व्यक्तिगत राजनीतिक उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के व्यवहार को “क्रेडिट पिपासु” बताते हुए कहा कि इतने महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय समझौते का श्रेय लेने की बजाय सभी पक्षों के योगदान को स्वीकार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किशाऊ परियोजना पर हुआ समझौता केंद्र और राज्यों के बीच संवाद तथा सहमति का परिणाम है। उनके अनुसार इस परियोजना से हिमाचल प्रदेश सहित सभी सहभागी राज्यों और आने वाली पीढ़ियों को लाभ मिल सकता है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किशाऊ परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए किए गए प्रयास जल, ऊर्जा और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।





