स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एसडीएम ने निजी स्कूल बसों का किया औचक निरीक्षण

16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सरकाघाट

सरकाघाट। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम ने बुधवार को विभिन्न निजी स्कूलों की बसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बसों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार चालान भी किए गए।

निरीक्षण के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार, प्राथमिक उपचार किट, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे, फिटनेस प्रमाण-पत्र सहित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। इसके अलावा बसों के नियमित रखरखाव, चालकों एवं परिचालकों के आचरण तथा बच्चों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने निजी स्कूल प्रबंधनों को निर्देश दिए कि स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बसों की नियमित जांच और समयबद्ध रखरखाव करवाने के भी निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान बल्दवाड़ा पुलिस चौकी के एएसआई सुरजीत सिंह सहित पुलिस टीम भी मौजूद रही।

Share the news