
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | ऊना

ऊना। नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान के तहत आयोजित एंटी-चिट्टा एवं पर्यावरण जागरूकता वॉकाथॉन की अगुवाई करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को ऊना पहुंचे। वॉकाथॉन में मुख्यमंत्री युवाओं के साथ संवाद करेंगे और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे।
मुख्यमंत्री के ऊना पहुंचने पर हेलीपैड पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, गगरेट के विधायक राकेश कालिया, ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष देस राज गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन का आयोजन इंदिरा गांधी स्टेडियम ऊना से किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अन्य प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। वॉकाथॉन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशे के खिलाफ सामूहिक जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।





