ढली पुलिस ने चिट्टा तस्करी मामले में पंजाब से मुख्य सप्लायर किया गिरफ्तार

16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक मामले में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पंजाब से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना ढली में दर्ज अभियोग संख्या 84/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में की गई है।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को पुलिस थाना ढली की टीम भट्टाकुफर-ढली टनल मार्ग पर गश्त और अपराध की रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान एक टैक्सी/कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन की चालक सीट पर सुन्नी निवासी 25 वर्षीय दुष्यंत वर्मा और अगली सीट पर आनी, जिला कुल्लू निवासी 24 वर्षीय अक्षय शर्मा बैठे मिले। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 6.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।

इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और बैकवर्ड लिंकेज की पड़ताल की गई। पुलिस जांच में अजय कुमार की कथित तौर पर मुख्य सप्लायर के रूप में संलिप्तता सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, अजय कुमार ने हेरोइन/चिट्टा पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र से प्राप्त किया था और बाद में मोहाली में अक्षय शर्मा को इसकी सप्लाई की थी। जांच के दौरान अजय कुमार और अक्षय शर्मा के बीच 10,500 रुपये के वित्तीय लेन-देन का भी पता चला। दोनों के बीच हुई फोन कॉल डिटेल्स से भी आपसी संपर्क और कथित खरीद-फरोख्त से संबंधित कड़ियों की जानकारी मिली।

फाजिल्का से आरोपी गिरफ्तार

बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना ढली की अन्वेषण टीम पंजाब पहुंची। पुलिस ने 14 सितंबर 2026 को गांव मोजेवाला, तहसील जलालाबाद, जिला फाजिल्का में कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय अजय कुमार पुत्र बलविन्द्र सिंह, निवासी फाजिल्का, पंजाब को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तथा संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।

Share the news