चंबाघाट में मेयर का औचक निरीक्षण, बिना लाइसेंस रेहड़ी धारकों पर कार्रवाई के निर्देश

16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन। नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा ने बुधवार को टीम के साथ चम्बाघाट क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक बार फिर कुछ रेहड़ी धारक बिना लाइसेंस के कारोबार करते पाए गए।

मौके पर ही मेयर सुषमा शर्मा ने नगर निगम की टीम को निर्देश दिए कि वीरवार से चम्बाघाट में केवल लाइसेंसधारी रेहड़ी धारकों को ही बैठने की अनुमति दी जाए। उन्होंने बिना लाइसेंस रेहड़ी लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

इसके साथ ही मेयर ने टीम के साथ चम्बाघाट स्थित शौचालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान वहां सफाई व्यवस्था चरमराई हुई पाई गई। मेयर ने मौके पर मौजूद कर्मियों को शौचालय की नियमित और बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेयर ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता और व्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

Share the news